16-3-018/गाजियाबाद :सड़कों पर लगने वाले बाजार से जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों में वेंडर जोन बनाने की तैयारी है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी ने निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने एक हफ्ते के अंदर वेंडर जोन के लिए जगह का चयन कर रिपोर्ट मांगी है। डीएम ने कहा कि वेंडर जोन मुख्य सड़क से हटकर बनाया जाए।लोनी में बागपत रोड पर मुख्य सड़क से अंदर डेढ़ सौ वेंडरों को इसी हफ्ते शिफ्ट कर दिया जाएगा। यहां लगभग छह हजार वेंडर चिन्हित किए गए हैं। अन्य वेंडरों के लिए एक हफ्ते के अंदर जगह का चयन करने का आश्वासन अधिशासी अधिकारी की ओर से दिया गया।खोड़ा नगर पालिका के ईओ ने बताया कि उनके क्षेत्र में करीब 350 वेंडर चिन्हित किए गए हैं। 100 से अधिक वेंडरों के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर लिया गया है। मुरादनगर के ईओ ने बताया कि यहां करीब 336 वेंडर चिन्हित किए गए हैं। रावली रोड स्थित ईदगाह के निकट खाली स्थान पर वेंडरों को व्यवस्थापित किया जा सकता है। डीएम ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर कार्यवाही पूर्ण कर रिपोर्ट प्रेषित करें। नगर निगम की ओर से वेंडर जोन के लिए चयनित स्थल मुख्य मार्ग के किनारे होने पर प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया। डीएम ने कहा कि ऐसे किसी स्थल को न चुना जाए जिससे मुख्य मार्ग पर जाम लग जाए। एक जीडीए के अधिकारियों ने बताया कि वेंडर जोन के लिए उपयुक्त स्थल का चयन कर लिया गया है। इस स्थल को विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस कार्य में होने वाले व्यय को जीडीए स्वयं वहन करेगा। 15 दिन के अंदर कार्य को पूरा करने का निर्देश डीएम ने जीडीए को दिए हैं। आवास विकास परिषद की ओर से कोई प्रस्ताव न देने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की।
