12-3-018/ गाजियाबाद / यूपी के पूर्व गृह राज्यमंत्री बालेश्वर त्यागी की बहू द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने की खबर सामने आई है। गाजियाबाद स्थित यशोदा अस्पताल के डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। बताया जा रहा है कि मृतका बीते 5-6 साल से डिप्रेशन में थी। जानकारी के अनुसार, सुनीता त्यागी (35) का विवाह 16 साल पहले बालेश्वर त्यागी के बेटे सचेन्द्र त्यागी से हुआ था। दोनों का 15 साल का एक बेटा आकाश त्यागी है। सुनीता 5-6 साल से डिप्रेशन में थी। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे परिवार की ओर से दी गई सूचना पर पुलिस पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी के घर पहुंची। जहां परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुनीता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस के पहुंचने से पहले परिजनों ने महिला के शव को फंदे से नीचे उतार लिया था। पुलिस तुरंत महिला को लेकर गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
