-आत्महत्या का कारण पारिवारिक विवाद मान रही है पुलिस, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
गाजियाबाद: साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र स्थित कपड़ा फैक्ट्री में एक कर्मचारी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना के बाद लिंकरोड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरूआती जांच में पुलिस आत्महत्या का कारण पारिवारिक विवाद मान रही है।
जानकारी के अनुसार, बलिया निवासी धनंजय (27) साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र के ई-4 स्थित कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था। यहां वह कपड़ों की सिलाई का काम करता था और फैक्ट्री परिसर में ही बने कमरे पर रहता था। सोमवार दोपहर करीब दो बजे उसने साथी कर्मचारियों को पानी पिलाकर वहां से चला गया। काफी देर बाद तक धनंजय के दिखाई न देने पर साथियों ने उसे कई बार आवाज लगाई, लेकिन वह नहीं आया। इसपर साथी कर्मचारी उसे देखने के लिए अंदर चले गए। फैक्ट्री की टीन सेड में लगे लोहे के पाइप पर कपड़े के फंदे के सहारे धनंजय का शव लटका मिला। कर्मचारियों ने फैक्ट्री मालिक व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पुलिस जांच में पता चला है कि धनंजय ने स्यूसाइड से करीब 20 मिनट पहले ही फैक्ट्री मालिक को अपने द्वारा तैयार किए गए माल की लिस्ट दी थी। मालिक उसके काम से खुश थे। काम पूरा करने के बाद धनंजय फैक्ट्री परिसर में ही घुम रहा था। एसएचओ लिंक रोड रोजंत त्यागी ने बताया कि शुरूआती जांच में स्यूसाइड का कारण पारिवारिक विवाद माना जा रहा है। पूछताछ में पता चला है कि धनंजय को शराब पीने की लत थी।