23/09/2016ग्रेटर नोएडा। बीएल इंटर कॉलेज के एक स्टूडेंट ने जेवर में हुई 20वी जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता में हाई जंप में अच्छा परफॉर्म करते हुए प्राइज जीता है। बताया जाता है कि उन्होंने सबसे ज्यादा हाई जंप लगाते हुए मेरठ मंडल के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अपने कॉलेज का नाम रोशन किया है। जिसके चलते गुरुवार को कॉलेज पहुंचने पर विजेता छात्र को कॉलेज स्टाफ ने सम्मानित भी किया। दनकौर ब्लॉक के देवटा गांव निवासी सुरेन्द्र भाटी पुत्र रघुराज भाटी दनकौर सिटी के बीएल कॉलेज में 12वी क्लास का स्टूडेंट है। जिन्होंने जेवर ब्लॉक एरिया के जनता इंटर कॉलेज में 19-21सितंबर तक हुई 3 दिवसीय 20वी जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता में अपने कॉलेज की तरफ से भाग लिया। जिन्होंने इस प्रतियोगिता में हाई जंप 5 फ़ीट 11इंच की लगाई। जिसके चलते उनको कार्यक्रम के आयोजकों ने प्राइज भी दिया। बीएल कॉलेज के प्रिंसिपल रमेश गुप्ता ने बताया कि उनके कॉलेज के स्टूडेंट सुरेंद्र भाटी ने जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता में हाई जंप में अच्छा परफॉर्म दिखाते हुए मेरठ मंडल के सबसे बड़े रिकॉर्ड 5 फ़ीट और 10 इंच को तोड़कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। विजेता स्टूडेंट के गुरुवार को कॉलेज पहुंचने पर उनको कॉलेज स्टाफ ने सम्मानित किया। इस मौके पर धीरज, सुनील, पंकज, उमेश नागर और जैनेंद्र समेत कई लोग मौजूद थे।