5/12/2016 / नोएडा। जनपद में हो रहे जल दोहन से गिरते स्तर को रोकने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से यहां के सिनेमा घरों में डॉक्यमेंट्री दिखाकर लोगों को जागरूक करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। डॉक्यूमेंट्री में जिले की भाषा में रामवीर तंवर और पर्यावरण विद विक्रांत तोगड़ युवाओं को संदेश देते नजर आएंगे। साथ ही इस डाक्यूमेंट्री में जिलाधिकारी एनपी सिंह भी जल के संरक्षण को लेकर संदेश देंगे। जल्द ही इसे जनपद के सभी सिनेमा घरों पर दिखाने के साथ जिलाधिकारी के फेसबुक पेज व यू-टयूब पर भी शेयर किया जाएगा।
जल दोहन को लेकर जागरुकता को और बढ़ाने के लिए जिला प्रसाशन ने सिनेमाघरों में दर्शकों को 2 मिनट की शॉर्ट फिल्म वाटर अवेयरनेस डॉक्यूमेंट्री दिखाने का निर्णय लिया है। इस फ़िल्म के लिए रामवीर तंवर, विक्रांत तोगड़ को चुना गया। फ़िल्म में एक छोटी बच्ची विदुषी ने भी काम किया है। जिलाधिकारी एनपी सिंह ने भी इस डाॅक्यूमेंट्री फिल्म में संदेश देकर लोगों को प्रेरित किया है। जल दोहन को रोकने के लिए प्रशासन भू-जल सप्ताह के अलावा अन्य प्रकार का अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास करता रहा है। इसके लिए जिले के रामवीर तंवर और पर्यावरण विद विक्रांत तोगड़ गांव-गांव में चौपाल के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम चला रहे हैं। गौतमबुद्धनगर के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बिल्डरों की भरमार है। यहां हर दिन बड़ी-बड़ी इमारतें खड़ी हो रही हैं। वहीं बेसमेंट और उससे भी नीचे खुदार्इ कर पानी को व्यर्थ में बहाया जा रहा हैं।
समाजसेवी रामवीर तंवर ने कहा की जिला प्रशासन के सहयोग से इस डॉक्यूमेंट्री को बनाया गया है। इसका उद्देश्य जल की बर्बादी रोकना है। समय के साथ-साथ जागरुकता के तरीकों में अंतर लाना जरूरी था। रामवीर ने बताया कि वह गांव-गांव जाकर चौपाल लगाकर भी बुजुर्ग से लेकर युवाओं को जागरुक करने का प्रयास कर रहे है, लेकिन आज के दौर में युवा चौपाल पर कम और सिनेमा घरों में ज्यादा दिखार्इ पड़ते हैं। साथ ही सबसे ज्यादा जागरूकता की जरूरत युवाओं को ही है। इस लिहाज से प्रशासन का यह फैसला स्वागत योग्य व समाजहित में है।