-सपा के कई प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को हटाने से नाराज है पदाधिकारी
20/9/2016/नोएडा। समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव के प्रदेश अध्यक्ष बनने से कई प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को हटाए जाने से मंगलवार को नोएडा में समाजवादी पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने सामुहिक रूप से अपने पदो से इस्तीफा दे दिया। यह इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को भेजा गया है। सपा के प्रदेश सचिव अनिल यादव के सेक्टर-62 स्थित कार्यालय पर पदाधिकारी एकत्रित हुए। यहीं पर सामूहिक रूप से इस्तीफा दिया गया।
सपा नेताओं का कहना हैं कि जब से शिवपाल सिंह यादव प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, तबसे कई प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को हटा दिया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव में हमेशा आस्था रही हैं और रहेगी। सपा पदाधिकारियों का कहना है कि वह अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं, लेकिन पार्टी के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। इस्तीफा देने वालों में प्रदेश सचिव अनिल यादव, प्रदेश प्रवक्ता पंखुरी पाठक, युवजन सभा नोएडा महानगर के कार्यकारिणी सदस्य अमित यादव, युवजन सभा नोएडा के सचिव सुरेंद्र यादव, युवजन सभा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतपाल यादव, युवजन सभा नोएडा के सचिव कालू यादव, मौ. परवेज, राजेश शर्मा, कपिल यादव, राहुल बंसल, नीरज यादव, सचिन यादव, दीपांशु, राहुल यादव, कृष्ण यादव, गौरव यादव और विकास यादव समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल है।
वहींं समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के नोएडा महानगर अध्यक्ष सैयद आफाक ने अपने साथियों के साथ पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को भेजे गए इस्तीफे में कहा हैं कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने जिस तरीके से यूथ के प्रदेश अध्यक्षों व वरिष्ठ नेताओं को पार्टी से बर्खास्त किया हैं, उससे आहत होकर लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया हैं। इस सब से आहत होकर सैयद आफाक समाजवादी लोहिया वाहिनी महानगर अध्यक्ष नोएडा से अपने साथियों के साथ पद से इस्तीफा दे रहा हैँ। सैयद आफाक ने कहा कि मेरी आस्था राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव में रही हैं और रहेगी।