20/11/2016 / नोएडा। आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व सपा और भाजपा समेत सभी राजनीतिक दल मिशन 2017 को साकार करने में जुट गए है। उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव को देखते हुए सभी पार्टियां अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए वोटरों को लुभाने का प्रयास कर रही है। केंद्र की भाजपा सरकार युवाओं के लिए स्किल इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया व स्टैंड अप इंडिया समेत योजनाओं को चलाकर रोजगार मुहैया करा रही है तो प्रदेश की सपा सरकार युवाआें में लैपटॉप व साइकिल वितरण कर उन्हें खुश करने का प्रयास कर रही है।
यूपी में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस समेत अन्य दल के नेता युवाओं के साथ को जरूरी बता रहे हैं। चुनाव से पूर्व सभी राजनीतिक दलों की तरफ से लुभावने वायदों की लिस्ट तैयार की जा रही है, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को प्रभावित कर वोटों में तब्दील किया जा सके। विस चुनाव को देखते हुए सपा, भाजपा व कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी व वरिष्ठ नेता बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जागरूक कर रहे है, जिससे वे आम जनता को पार्टी की नीतियों व कार्यों की जानकारी देखकर अधिक से अधिक वोटरों को प्रभावित कर सकें।
प्रदेश की सपा सरकार जन समस्याओं को हल करने में जुट गई है। विस चुनाव से पूर्व जन समस्याओं से नाता जोड़कर सपा सरकार जनता में अपनी छवि को सुधारने के प्रयास में है।
सपा महानगर कमेटी को प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव पहले ही पत्र भेजकर जनता की समस्याओं से रूबरू होने का सख्त निर्देश दे चुके है। निर्देश के तहत जिला कमेटी व महानगर कमेटी के पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुनकर उसका समाधान कराने में जुट गए है। साथ ही पार्टी की नीतियों के प्रति जनता को जागरूक किया जा रहा है। सपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर प्रदेश सरकार के विकास कार्यों के प्रति आम जनता को जागरूक करने का निर्देश भी दिया गया था। साथ ही जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिला स्तर के अधिकारियों के द्वारा जनता की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तरफ से जिला स्तर के अधिकारियों को जन समस्याओं को गंभीरता से हल कराने का निर्देश दिया जा चुका है। मिशन 2017 को साकार करने के लिए शहर में आयोजित जनसभा व कार्यक्रमों के जरीए वोटरों को सांधने की कवायद शुरू हो चुकी है। इतना ही नहीं अपनी मांगों को लेकर शहर में होने वाले तरह-तरह के आंदोलन में शामिल होकर राजनेता खुद के साथ-साथ पार्टी की छवि सुधारने में जुट गए है।