: जनपद के दस तिराहे-चौराहों का लुक जल्द बदल जाएगा। इन्हें आदर्श स्वरूप प्रदान किया जाएगा। सबसे पहले राजनगर एक्सटेंशन चौराहे की कायापलट होगी। इसके मद्देनजर एसडीएम और एसपी (ट्रैफिक) के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शनिवार को वहां का निरीक्षण किया। इस चौराहे को जाम फ्री कर आदर्श चौराहा बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी मिनिष्ती एस. ने जिले को जाम और अतिक्रमण मुक्त रखने पर जोर दिया है। इसके लिए निर्धारित कार्ययोजना पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जनपद के दस तिराहे-चौराहों को आदर्श रूप में विकसित करने की प्लानिंग की गई है। इनमें राजनगर एक्सटेंशन, मोहन नगर, राज चौपला, हापुड़ मोड़, वसुंधरा रेड लाइट, साहिबाबाद कट, हापुड़ चुंगी, लोनी तिराहा, यूपी गेट, धौलाना तिराहा मसूरी को चिन्हित किया गया है। इस कार्य में जीडीए, नगर निगम, यातायात, विद्युत, वन विभाग, पीडब्ल्यूडी व एनएचएआई को जिम्मेदारी निभानी है। पुलिस अधीक्षक (यातायात) राजेश कुमार के मुताबिक राजनगर एक्सटेंशन चौराहे को अतिक्रमण एवं जाम फ्री किया जाएगा। इस चौराहे के 50 मीटर की परिधि से यूनिपोल हटाए जाएंगे। खराब सिग्नल ठीक होंगे। ट्रैफिक बूथ हटाने के अलावा जेब्रा लाइन की प्रिंटिंग व डिवाइडर को दुरूस्त किया जाएगा। चौराहे की चौड़ाई भी बढ़ाए जाएगी। अगले दस दिन के भीतर यह कार्य संपन्न करा लिए जाएंगे। एसपी कुमार ने बताया कि इस बावत संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर ली गई है।
हटाए जाएंगे अवैध होर्डिंग्स
जनपद में मुख्य मार्गों से पंद्रह दिन के भीतर अवैध होर्डिंग्स एवं यूनिपोल को हटाया जाएगा। दरअसल यातायात के संचालन में यह अवैध प्रचार सामग्री रूकावट पैदा कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-24, 58 के अलावा जीटीरोड आदि स्थानों पर जगह-जगह प्रचार सामग्री लगी है। मुख्य मार्गों पर आए दिन आंधी एवं बारिश के कारण यूनिपोल गिरने की घटनाएं होती रहती हैं।