4/12/2016 / नोएडा। सेक्टर-128 स्थित जेपी अस्पताल में अंग प्रत्यारोपण कर 6 मरीजो को नया जीवन प्रदान किया गया। मुबई के 1 मरीज के ब्रेन डेड हो जाने के बाद उसके अंगो को 6 लोगो को दान कर सराहनीय काम किया गया। बता दें कि मुंबई निवासी सतीश तावड़े अपने कार्यालय के काम से दिल्ली आये थे। बीते 2 दिसंबर की रात अचानक उनकी तबियत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में लाए जाने पर मरीज की जांच की गयी तो पता चला की उनकी सब-आर्कनोइड हेमरेज बीमारी से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने सुबह 3 बजे व 9 बजे 2 बार की जांच के बाद मरीज को ब्रेन डेड घोषित किया। मरीज के ब्रेन डेड हो जाने के बाद परिवार वालों की सहमति से उनके अंगो का दान किया गया। इस मिशन को सफलतापूर्ण अंजाम देने के लिए बनाई गई चिकित्सकीय दल का नेतृत्व जेपी अस्पताल के वरिष्ठ लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अभिदीप चौधरी व वरिष्ठ किडनी ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अमित देवरा द्वारा किया गया।
डॉ. मनोज लूथरा (सीईओ) ने बताया कि मरीज की मृत्यु हो जाने के बाद इसकी सूचना राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण संसथान को दी गई अौर उनके दिशा निर्देशानुसार मरीज के अंगो को विभिन्न अस्पतालों में लोगो को दान किया गया । मरीज के तीन अंगो, जिसमे लिवर, कॉर्निया और किडनी को जेपी अस्पताल के मरीजों को दान किया गया । दूसरी किडनी को फोर्टिस अस्पताल नोएडा और हार्ट को मैक्स अस्पताल साकेत के मरीज को दान किया गया। एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक अंगो को पहुंचाने के लिए प्रशासन की मदद से ग्रीन कोर्रिडोर का निर्माण किया गया।