5/10/2016/नोएडा। सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर से बुधवार को श्रीराम मित्र मंडल की तरफ से धूमधाम से राम बारात निकाली गई। राम बारात में हिंदू समुदाय के लोगों के साथ मुस्लिमों ने भी जय श्रीराम के नारे लगाकर आपसी भाईचारे व धार्मिक सौहार्द की अद्भुत मिशाल पेश की। सेक्टर-20 से निकली राम की बारात में शहर के मुसलमानों के आलावा अन्य धर्म के लोग शामिल हुए। सैकङों की संख्या में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाकर वातावरण को राममय कर दिया।
शहर में बैंडबाजा के साथ भगवान गणेश, राजा दशरथ, प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और गुरु वशिष्ठ अपने-अपने रथों पर सवार होकर निकले। इस दौरान जगह-जगह राम बारात का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ घोड़ों पर सवार होकर राजा भी निकले। सेक्टर-20 से निकलकर राम बारात सेक्टर-26 पहुंची, जहां पर सपा प्रत्याशी अशोक चौहान व राजेंद्र भाटी के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद सेक्टर-27 डीएम चौक, सेक्टर-19, सेक्टर-5 हरौला मार्केट होते हुए राम बारात सेक्टर-9 पहुंची, जहां पर अध्यक्ष डीपी गोयल व मुकेश गुप्ता द्वारा स्वागत किया गया। राम बारात का सेक्टर-11 व सेक्टर 12 -22 में सूबे यादव, सेक्टर-55 में एस.एन गोयल, सेक्टर-57 व सेक्टर 22 में रविंद्र चौधरी द्वारा स्वागत किया।
सेक्टर-22 चौड़ा मोड़ होते हुए राम बारात सेक्टर 21 ए स्थित नोएडा स्टेडियम के रामलीला मैदान में पहुंची, जहां पर राजा जनक द्वारा बारातियों का स्वागत किया गया। इसके बाद चार मंडपों में प्रभु श्रीराम समेत चारों भाईयों का विधि विधान से विवाह संपन्न हुआ। हापुड़ पिलखुआ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आर.के सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन करने के बाद नोएडा स्टेडियम में रामलीला मंचन की शुरूआत की गई। इस दौरान गौतम चरित्र ,गौतम तपस्या ,अहिल्या जन्म एवं अहिल्या विवाह आदि प्रसंगों का जीवंत मंचन किया गया। श्रीराम मित्र मंडल के प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने बताया 6 अक्टूबर को मन्थरा-कैकेयी संवाद, दशरथ-कैकेयी संवाद ,राम वन गमन आदि प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।