22/11/2016 / नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को 78वां जन्मदिन है। जन्मदिन को मनाने के लिए समाजवादी पार्टी गौतमबुद्ध नगर के कार्यकर्ताओं ने पूरी तैयारी कर ली थी। लेकिन, कानपुर में हुए रेल हादसे में मृत लोगों के प्रति संवेदना रखते हुए मुलायम सिंह यादव ने अपने जन्म दिन को नहीं मनाने का फैसला लिया है। जिसके चलते जनपद में होने वाले सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि कानपुर में हुए इस रेल हादसे में सैंकड़ों लोगों की जान गई और कई घायल हो गए। यह एक बेहद दर्दनाक हादसा था। इस हादसे से मुलायम सिंह बेहद दुखी हैं। जिस कारण से इस बार वह अपना जन्मदिन नहीं मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि विराट हृदय वाले समाजवादी पार्टी के मुखिया ने समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को आदेशित किया है कि उनके जन्मदिन पर किसी प्रकार कोई कार्यक्रम न किया जाए।