जिलाधिकारी ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की
-जिला प्रशासन की तरफ से गलगोटिया कॉलेज में यंग वोटर महोत्सव का हुआ आयोजन
नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित गलगोटिया कॉलेज में शुक्रवार को जिला प्रशासन की तरफ से यंग वोटर महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एन.पी सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान में मतदाता की भूमिका अहम है। यह अधिकार शहीदों की शहादत से मिला है। इसलिए युवाओं को इस महत्व को गंभीरता से समझना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं आए है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भरकर जमा कर दें।
डीएम ने कहा कि भारत का लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और वोटर इसकी आत्मा है। युवा वर्ग को भारतीय लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करने के लिए अपना मतदाता कार्ड जरूर बनवाना चाहिए। जिलाधिकारी एन.पी सिंह ने बताया कि जनपद के सभी काॅलेजों में इसके लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। इस हेल्प डेस्क का उद्देश्य सभी पात्र व्यक्तिों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना है। जो मतदाता यहां से चले गए है, उनके नाम मतदाता सूची से कटवाने की भी काॅलेजों में व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का कार्यक्रम आगामी 31 अक्टूबर तक संचालित रहेगा। कार्यक्रम के दौरान काॅलेज के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरीए लोकतंत्र में मतदान की महत्ता को समझाया और लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन कुमार विनीत, उप जिलाधिकारी सदर राजेश कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह और तहसीलदार सदर पी.एल मोर्या समेत अन्य लोग मौजूद थे।