27/3/2019/आजमगढ़/ भोजपुरी फिल्म स्टार निरहुआ ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लखनऊ में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के टंडवा गांव में पैदा हुए निरहुआ भोजपुरी फिल्मों के जाने-माने चेहरे हैं। वे रियलिटी शो बिग बॉस के कंटेस्टेंट भी रह चुके हैं। भोजपुरी फिल्म स्टार ‘निरहुआ’ बीजेपी में हुए शामिल। निरहुआ आज भोजपुरी सिनेमा में काफी मजबूत स्तंभ माने जाते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी उनकी लोकप्रियता को देखते हुए लोकसभा चुनाव लड़ा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, निरहुआ को आजमगढ़ सीट से लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया जा सकता है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी आजमगढ़ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। साल 2014 में मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ सीट से बीजेपी के रमाकांत यादव को हराया था। हालांकि इस बार मुलायम सिंह यादव मैनपुरी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में अगर बीजेपी अखिलेश यादव के सामने निरहुआ को मैदान में उतारती है तो मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है। लोकसभा चुनाव 2019 से पहले भोजपुरी सिंगर और एक्टर दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। निरहुआ के गानों को यूपी और बिहार में लोगों ने खूब पसंद किया और देखते ही देखते वे भोजपुरी फिल्मों के बड़े स्टार बन गए।
