3/12/2016 / नोएडा। एनजीटी के आदेशों का उल्लंघन कर शहर में प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण की तरफ से लगातार अभियान चलाई जा रही है। शनिवार को प्राधिकरण की टीम ने शहर के कई स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान कुल वर्क सर्किल-7 में 16 कंपनियों को नोटिस जारी करते हुए सभी पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
निरीक्षण में पाया गया कि कंपनी के बाहर निर्माण सामग्री को बिना ढके रखा गया था। साथ ही सड़क पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा था। फिलहाल इन सभी 16 कंपनियों को नोटिस जारी करते हुए जुर्माना भरने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। वहीं वर्क सर्किल-9 के परियोजना अभियंता ने यमुना खादर क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां निर्माण सामग्री के होल विक्रेता पर 50 हजार का रुपए का जुर्माना लगाया गया। निरीक्षण में पाया गया कि एनटीजी के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। जिलाधिकारी एनपी सिंह ने एनजीटी के नियमों के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा की तो पता चला कि पिछले एक हफ्ते में ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के द्वारा एनजीटी के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए उल्लंघन करने वालों पर 42 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसी प्रकार नोएडा प्राधिकरण के द्वारा 39.57 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। परिवहन विभाग की ओर से 372 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही 122 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नजीटी के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। वहीं उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का एक प्रारूप तैयार कर उसकी रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं ताकि सफाई की व्यवस्था के मानकों को तय किया जा सके। कूड़े करकट का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाए।