13/12/2016 / नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंंग के माध्यम से नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना एक्सप्रेस-वे की कई परियोजनाओं का शुभारंभ, लोकार्पण व शिलान्यास किया। समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जनहित की इन परियोजनाओं के शुभारंभ पर ख़ुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर सपा महानगर कमेटी के महासचिव व प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में नोएडा समेत पूरे प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी गई है। नोएडा में क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही नोएडा शहर का नाम विश्व पटल पर और मजबूती से चमकेगा। शहर में नारी निकेतन, मेट्रो का कालिंदी कुंज तक परिचालन, सिटी बस सेवा, एलिवेटेड रोड, बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर, अंडर पास व भूमिगत कार पार्किंग सहित तमाम महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करने के लिए क्षेत्र की जनता की तरफ से महानगर कमेटी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने कहा कि जहां बसपा ने पत्थरों पर जनता के धन का दुरूपयोग किया, वहीँ भाजपा ने भावनात्मक मुद्दे उठाकर समाज को बाटने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में विकास के दम पर प्रदेश में अगली सरकार भी सपा की ही बनेगी। उद्घाटन के अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रताप चौहान, महेश यादव, सपा प्रत्याशी अशोक चौहान, संजय गोयल ,शिवव्रत तिवारी, सूबे यादव, मुन्ना आलम, विपिन अग्रवाल, अमर शर्मा, रविन्द्र भाटी और सुभाष शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।