5/12/2016 / नोएडा। सेक्टर-62 स्थित प्रेरणा मीडिया नैपुण्य संस्थान की ओर से ‘समाज में नारी शक्ति का योगदान’ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की राष्टÑीय महामंत्री कमलावती सिंह मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि नारी भारतीय संस्कृति का मुख्य आधार है। प्राचीन काल से ही नारियों ने समाज को सही दिशा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पर्व एवं त्योहार भारतीय संस्कृति का प्रमुख हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में हर दिन पावन है। भारत को यदि पर्व और त्योहारों का देश कहा जाए तो अतिशयोक्ति नहीं होगी।
इस अवसर पर भाऊराव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य केशव कुमार ने कहा कि भारत एक समृद्ध सांस्कृतिक देश है। भारतीय संस्कृति में नारी को देवी का रूप माना जाता है। भारतीय नारी की पहचान भले ही स्थानीय प्रभाव व काल प्रभाव में बदलती रही हो, उसकी छवि भी समय-समय पर दबती व उभरती रही हो, परन्तु हर युग के निर्माण में उसकी महत्पूर्ण भूमिका रही है। पत्रिका के विमोचन पर उन्होंने कहा कि पर्व एवं त्योहारों से ही भारत की पहचान है।
स्थानीय विधायक विमला बाथम ने कहा कि समाज को सही दिशा देने में नारी शक्ति का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रेरणा मीडिया संस्थान वस्तुत: पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम कर रहा है। बौद्धिक क्षेत्र में भी अपना बड़ा स्थान बना चुका है। इस अवसर पर अंतिमा सिंह ने भी समाज में नारी शक्ति पर विस्तार से अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रीति दादू ने की। उन्होंने नारी शक्ति पर अपने विचार रखे और कार्यक्रम में आए सभी लोगों का आभार जताया। केशव संवाद पत्रिका का परिचय कराकर विमोचन किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में अनेक विषयों पर प्रभा दुबे ने बच्चों के विकास में महिलाओं का योगदान, नीता सिंह ने सुशासन और महिला, अनुपमा अग्रवाल ने पर्यावरण के विकास में महिलाओं का योगदान, प्रतिभा सिंह ने स्वच्छता और महिला, डॉ. मंजरी गुप्ता ने शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं का योगदान तथा डॉ. मेघा सिंह ने चिकित्सा के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनेत्री सिंह ने किया।
