3/12/2016 / नोएडा। शहर में पिछले 3 दिन से छाए धुंध के बादल से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग की माने तो 48 घंटे में शहर पर छाया कोहरा कम हो जाएगा। बता दें कि घने कोहरे की वजह से शहर में आवागमन पर असर पड़ा है। कोहरे के चलते नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, एक दो दिनों के भीतर कोहरे से निजात मिल जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि पूर्व दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं ने अपनी दिशा बदल ली है। माना जा रहा है कि उत्तर-पश्चिम की हवाएं कोहरे की परत को हल्का कर देंगी। इसका असर एनसीआर में अगले 48 घंटों के दौरान देखा जा सकेगा। वहीं मौसम विभाग की मानें तो इस साल उत्तर भारत में कम ठंड पड़ेगी। अगर ऐसा हुआ तो ये लगातार दूसरा साल होगा जबकि उत्तर भारत में ठंड औसत से कम होगी।
मौसम विभाग की माने तो इस साल पूरी संभावना है कि न्यूनतम तापमान औसत से ऊपर रहेगा। केएल रमेश का कहना है कि उत्तर भारत में इस साल शीतलहर कम रहेगी। इसका मतलब ये है कि वर्ष 2016 वर्ष 1901 के बाद सबसे गरम साल के रूप में खत्म होगा। बता दें कि तीन दिनों से लगातार कोहरे का कहर जारी है। जिस कारण सुबह और शाम को सफर करने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहरा शुरु होने के बाद से तापमान में भी करीब दस डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई और पर्यावरण में स्मॉग की हलकी चादर के आने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। बीते दिनों में कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस वे पर दर्जन भर से ज्यादा एक्सीडेंट हो चुके हैं जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। कोहरे के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को भी खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। बता दें कि हफ्ता भर पहले पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद ही मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे ने जोर पकड़ा था।