11/09/2016/नई पीढ़ी में स्ंस्कारों को संजोने का काम करते है धार्मिंक कार्यक्रम
-नोएडा स्टेडियम में रामलीला मंचन के लिए हुआ भूमि पूजन
नोएडा। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में रविवार को श्रीराम मित्र मंडल द्वारा रामलीला मंचन के लिए भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थे। पंडित कृष्णा स्वामी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विधिवत हवन पूजन किया गया। इसके बाद रामलीला मैदान में हनुमान जी महाराज की विशाल पताका स्थापित की गई।
पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है। साथ ही नई पीढ़ी के लिए अपने संस्कारों को संजोने का काम करती है। रामलीला मंचन के द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन चरित्र से सभी प्रेरणा मिलेगी। श्रीराम मित्र मंडल के प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने बताया कि रामलीला का मंचन एक अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलेगा। एक अक्टूबर को रामलीला महोत्सव का उद्घाटन होगा और 5 अक्टूबर को नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से होकर रामलीला स्थल तक राम बारात निकाली जाएगी। विजय दशमी का महोत्सव 11 अक्टूबर को होगा। इस दिन रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा।
उन्होंने बताया कि रामलीला मंचन में फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों के अलावा कई प्रमुख कलाकार मुख्य भूमिका में होंगे। रामलीला मैदान में दर्शकों की सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की जाएगी। मंचन स्थल पर करीब सौ सुरक्षा गार्ड, दो दर्जन सीसीटीवी कैमरें, 6 एलईडी स्क्रीन व अग्निशमन उपकरण के अलावा सभी प्रकार की सुरक्षा संबंधी व्यवस्था की जाएंगी। रामलीला का मंचन देखने के लिए स्टेडियम में आने वाले दर्शकों और बच्चों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूलों और खान-पान के स्टॉल लगाए जाएंगे। भूमि पूजन के दौरा श्रीराम मित्र मंडल के प्रधान संरक्षक राकेश यादव, महासचिव मुन्ना शर्मा, प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे, अशोक चौहान, भारत प्रधान, दिनेश प्रधान, सूबे यादव, राजेंद्र भाटी, ऋषिपाल चौधरी, अनिल गोयल, रवि राघव, मुकेश गुप्ता, मनोज शर्मा, मनोज चौहान और रामवीर यादव समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।