6/12/2016 / ग्रेटर नोएडा। बिसरख पुलिस ने दो वाहन लुटेरों को अरेस्ट किया है। बदमाशों से लूट की दो बाइक और दो मोबाइल बरामद हुई है। बाइक बुलंदशहर से लूटी गई थी। जबकि मोबाइल बिसरख एरिया से ही लूटी गई थी। मंगलवार को बदमाशों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। सीओ थर्ड राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार रात बिसरख पुलिस गौड़ सिटी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लाल रंग की पल्सर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके दोनों को दबोच लिया। दोनों की पहचान साहिल पुत्र तसलीम और परवेश पुत्र ब्रजपाल निवासी विजय नगर (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। जांच में पाया गया कि दोनों ही शातिर लुटेरे हैं। दोनों के कब्जे से लूट की पल्सर और प्लेटिना बाइक और दो मोबाइल बरामद हुई है। प्लेटिना बाइक बुलंदशहर के बीबी नगर कोतवाली एरिया से 20 जुलाई को लूटी गई थी। बदमाशों ने बाइक सवार को डंडे से मार कर गिरा दिया था और बाइक लेकर भाग गए थे। जबकि दोनों मोबाइल बिसरख एरिया से ही लूटी गई थी।
