हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के थाना धौलाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने दूसरी शादी करने के लिए अपनी बीमार पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (पिलखुवा) पवन सिंह ने बताया कि मृतक महिला का नाम तबस्सुम है।
तबस्सुम यहां पर अपने मायके के पड़ोस में पति के साथ रहती थी। उनके दो बच्चे हैं। तबस्सुम पिछले काफी समय से कैंसर की पीड़ित थी। इसके चलते दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार रात यूनुस ने तबस्सुम की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद पति ने शोर मचा दिया कि बदमाश घर में आए और लूटपाट करने के विरोध में तबस्सुम की हत्या कर दी।
पुलिस ने जांच की तो मामला संदिग्ध लगा। यूनुस को गिरफ्तार कर उससे कड़ी पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया और महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
