23/7/2018/नई दिल्ली / द्वारका नॉर्थ थाना क्षेत्र के हरि विहार में एक तीस वर्ष पुरानी इमारत की छत ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई वहीं, तीन लोग घायल हो गए। मृतक में पति पत्नी सुुनील व रचना शामिल हैं। इनके तीन बच्चे वैभव, गुंजन व गुलशन इस हादसे में घायल हो गए। मौके पर पहुंची जिला अापदा प्राधिकरण की टीम ने मलबा हटाया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।सुनील अपने परिवार के साथ हरि विहार के मकान नंबर आरजेड-92 में रहते थे। यह मकान इन्होंने बीस वर्ष पूर्व लिया था। पचास गज में बने इस मकान की छत कमजोर हो गई थी। इसको देखते हुए पिछले वर्ष सुनील ने इसे ठीक भी कराया था।रविवार को सुनील अपनी पत्नी के साथ एक रिश्तेदार की तेरहवीं में गए थे। इनके तीनों बच्चे घर पर ही थे। रात करीब दस बजे वे घर लौटे। 11 बजे खाना खाकर सभी सो गए। सुनील व रचना के पास उनकी बेटी गुंजन सोई हुई थी वहीं वैभव व गुलशन कमरे में रखे खटिए पर सोये हुए थे। रात करीब एक बजे मकान की छत भरभराकर गिर गई। गुंजन अपने माता-पिता के बीच में सोई थी इस कारण उसे ज्यादा चोट नहीं आई। छत का मलबा पति-पत्नी पर आकर गिरा। छत के गिरते ही आसपास के लोग मकान की तरफ दौड़े और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
