5/12/2016 / नोएडा। कोतवाली फेज 3 के सामने तेज रफ्तार जा रहा एक टेंपो पलट गया। इसमें टेंपो में सवार एक युवक आटो के नीचे दब गया। इसमें उसका पैर टूट गया। गनीमत रही कि टेंपो में एक ही युवक सवार था। घटना के बाद चालक आटो छोडक़र मौके से फरार हो गया। लोगों ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया है। मूलरूप से सिकंदराबाद हाथरस निवासी अरूण यादव फेज 3, दिल्ली में रहता है। उसकी खोड़ा में कंप्यूटर शॉप है। रविवार को वह टेंपो से खोड़ा जा रहा था। टेंपो की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक ने कोतवाली फेज 3 के सामने अचानक तेजी से ब्रेक लगा दी। इसमें टेंपो पलट गया। हालांकि टेंपो में अरूण यादव ही बैठा था। वह उसके नीचे दब गया। हालांकि मौके पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे। उन्होंने तुरंत ही टेंपो को उठाकर नीचे दबे युवक को निकाला। इसके बाद मामले की सूचना थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत ही पीसीआर को बुलाकर युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया।
