12/10/2016/नोएडा। सेक्टर-19 स्थित पार्टी कार्यालय पर आज समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर कमेटी की तरफ से समाजवादी चिंतक डाॅ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर सपा पदाधिकारियों ने डाॅ. लोहिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। साथ ही डाॅ. लोहिया के जीवन पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने डाॅ. लोहिया के व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा डॉ. राममनोहर लोहिया का जन्म 23 मार्च 1910 को उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जनपद के (वर्तमान में अंबेडकर नगर जनपद) अकबरपुर में हुआ था। उनके पिता हीरालाल अध्यापक थे और महात्मा गांधी के अनुयायी थे। डाॅ. लोहिया के जीवन पर महात्मा गांधी के जीवन दर्शन का व्यापक प्रभाव पड़ा। डॉ. लोहिया ने आजीवन गरीबों, मजदूरों व किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया। हम सब को उनसे प्रेरणा लेकर समाज के दबे कुचले लोगों के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए।
महासचिव राघवेंद्र दुबे ने कहा कि डाॅ. लोहिया चाहते थे कि देश में अमीरी-गरीबी की जो खाई हैं उसे पाटा जा सके और देश में समान शिक्षा नीति हो। डाॅ. लोहिया ने बर्लिन से डाक्टरेट की उपाधि हासिल की और 9 अगस्त 1942 को जब महात्मा गांधी भारत छोड़ो आंदोलन में गिरफ्तार हो गए तो डॉ. लोहिया ने भूमिगत रहकर आंदोलन को आगे बढ़ाया था। 12 अक्टूबर 1967 को उन्होंने नई दिल्ली में अंतिम सांस ली। मात्र 57 वर्ष अवधि में भी वह एक प्रकाशपुंज की तरह भारतीय राजनीति पर अपनी अमिट छाप छोड़ गए। उनके बताये मार्ग पर चलकर समाजवाद की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। इस दिशा में सपा की प्रदेश सरकार बखूबी कार्य कर रही है। इस मौके पर महेश यादव, सुभाष भाटी, वीरपाल अवाना, अमर शर्मा, सुशील यादव, प्रमोद यादव, सतपाल यादव, मुकेश यादव, योगराज चौहान, पुष्पेंद्र यादव, राजेश कुमार, टीटू यादव, राजेंद्र अवाना, कर्मवीर चौधरी, सुमित अंबावता और नादिर शाह समेत सपा के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
