17/9/2016/ रविवार को जनपद में प्रवेश करेगी 27 साल यूपी बेहाल बस यात्रा
-बस यात्रा की तैयारी में जुटे कांग्रेसी, निकालेंगे बाइक रैली
नोएडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर के नेतृत्व में ’27 साल यूपी बेहाल’ बस यात्रा रविवार सुबह 11 बजे गौतमबुद्ध नगर की सीमा में प्रवेश कर रही है। बस यात्रा के स्वागत के लिए युवा कांग्रेस की जिला कमेटी ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। मुकेश यादव ने बताया कि 27 साल में जितनी भी सरकारें आई उनका कच्चा चिठ्ठा वरिष्ठ नेताओं द्वारा जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को लूटने का काम किया है। यहां के भाजपा सांसद व विधायक जनता का कोई भी काम नहीं करवा पा रहे हैं।
सेक्टर-61 में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने बताया कि यात्रा में प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आज़ाद, प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, सांसद प्रमोद तिवारी, सांसद संजय सिंह और सांसद पी.एल पूनिया समेत कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस की यह जनजागरण यात्रा रविवार सुबह 11 बजे सेक्टर -14ए से प्रवेश करते हुए नया बांस सेक्टर-15, अट्टा सेक्टर-18 व सेक्टर-27 निठारी होते हुए सेक्टर-39 स्थित बारातघर पर पहुंचेगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दोपहर करीब 12 बजे यहां कार्यकर्ताओं व जनता से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे। उसके बाद गुलाम नबी आज़ाद व राजबब्बर द्वारा 12.30 बजे प्रेस वार्ता की जाएगी। इसके बाद जनजागरण यात्रा सेक्टर-71 होते हुए ग्रेटर नोएडा, दादरी व जेवर के लिए प्रस्थान करेगी। मुकेश यादव ने बताया कि समाजवादी सरकार सिर्फ नोएडा अथोरिटी को लूटने का कार्य कर रही है। प्रेस वार्ता के दौरान दीपक गुप्ता, विनोद पाण्डेय, एन.पी सिंह, रमेशचन्द्र तुगलपुरिया, दिनेश अवाना, प्रवक्ता पवन शर्मा, लियाकत चौधरी, सतेन्द्र शर्मा, राजकुमार भारती, ऋषि गौतम, विक्रम सेठी, यतेन्द्र शर्मा, एम.एस कुरैशी व सतीश पांचाल समेत कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
-कांग्रेसी निकालेंगे बाइक रैली
युवा कांग्रेस गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष दीपक चोटीवाला व प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम नागर के नेतृत्व में कार्यकर्ता 500 मोटरसाइकिल से बाइक रैली निकालेंगे। लगभग एक हज़ार युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सेक्टर 14ए पर प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर का स्वागत करते हुए ग्रेटर नोएडा में किसान चौक, रोजा जलालपुर, छपरौला, अच्छेजा, दुजाना और सादोपुर होते हुए दादरी नगर में प्रवेश करेंगे। बस यात्रा के माध्यम से जनजागरण करने आ रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर के समक्ष प्रमुखता से स्थानीय मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कराया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता रघुराज सिंह, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव विदित चौधरी और उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष ओमवीर यादव लगभग 50 किलोमीटर लंबे इस पूरे कार्यक्रम में युवाओं के साथ मौजूद रहेंगे।