1/12/2016 / नोएडा। बुधवार को गुलाबी ठंड के साथ कोहरे ने दस्तक दी। सुबह करीब छह बजे विजिबिलिटी 50 मीटर भी नहीं थी। साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लिहाजा प्राधिकरण ने नोएडा स्टेडियम में घुमंतू लोगों के लिए रैन बसेरा बनाने का फैसला लिया। रैन बसेरा छह दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। रैन बसेरे में एक बार में 60 लोग सो सकेंगे। इनको कंबल भी बसेरे में ही मिलेंगे। पानी, कोहरे व ओस से बचाव के लिए रैन बसेरे को वाटर प्रूफ बनाया जाएगा। बसेरा स्टेडियम के रामलीला मैदान में बनाया जाएगा। अच्छी बात यह है कि बसेरे में अराजक तत्व न पहुंचे। इसके लिए बसेरे की जिम्मेदारी सिक्यूरटी गार्ड को दी जाएगी। जो यहां रात में आने वाले सभी लोगों की रजिस्टर में एंट्री करेगा। प्रतिदिन कितने लोग पहुंचे इसका रिकार्ड भी रखा जाएगा। यहां पीने के पानी की व्यवस्था भी की जाएगी।
