12-3-018/ नोएडा / प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-61-71 चौराहे पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अंडरपास का निर्माण किया गया था। अंडरपास के चालू किए जाने के बाद यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए चारों मुख्य मार्गों पर वाहनों के लिए यू-टर्न बनाए गए हैं। इन यू-टर्न की चौड़ाई इतनी नहीं है कि भारी वाहन आसानी से इनका प्रयोग कर सकें। यू-टर्न में एक साथ कई भारी वाहनों के आने के कारण अक्सर जाम की समस्या खड़ी होती है। व्यस्त समय में यहां से बसों के साथ ट्रक आदि भी निकलते हैं। जिस कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। चौराहे पर अंडरपास के निर्माण के बाद अब यहां यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया है। हालांकि इसे अभी चालू नहीं किया गया है। अंडरपास के मुख्य कैरेज-वे के ऊपर लगाए गए सिग्नल चालू करने के लिए अस्थाई रूप से पाइप और बेरिकेड लगाकर बनाए गए डिवाइडर को हटाया जाएगा। जिससे कैरेज-वे के ऊपर के मुख्य मार्ग को बदलने के लिए वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।