23/09/2016ग्रेटर नोएडा। मूंजखेड़ा गांव के नजदीक बुधवार रात एक गार्ड को गोली मारकर घायल करने के मामले में पीड़ित परिजनों ने 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ गुरुवार को केस दर्ज कराया है। घायल गार्ड की अभी भी ग्रेनो के एक अस्पताल में हालत नाजुक बताई जा रही है। दनकौर कोतवाली के मकनपुर खादर गांव निवासी विजयपाल सोलंकी यमुना सिटी में स्थित एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी करते है। उनके परिजनों का कहना है कि रात की ड्यूटी होने के चलते विजयपाल बुधवार देर रात अपनी बाइक पर सवार होकर घर से ड्यूटी को आ रहे थे। जिनके इलाके के मूंजखेड़ा गांव के नजदीक उनके ही गांव के पूरन, संजय, लाला, भारतपाल और ज्ञानी ने ओवरटेक करके जबरन रोक लिया। पीड़ित के भाई सुंदर का आरोप है कि सभी आरोपियों ने एक राय होकर सबसे पहले उनके भाई को लोहे की रॉड से पीटा। जिसके बाद उसको 5 गोली जान से मारने की नियत से मार दी। जिसमे एक गोली पीड़ित के पेट और 4 पैर में लग गई। आरोप है कि आरोपियों के पास एक तो लाइसेंसी रिवाल्वर थी। साथ ही 4 तमंचे थे। घटना को अंजाम देकर आरोपी पीड़ित को मरा समझकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित गार्ड ने मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपियों के नाम के बारे में बता दिया था। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि नामजद आरोपियों से उनका पुराना विवाद चला आ रहा है। जिसके चलते ही उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। अस्पताल में घायल गार्ड को हालत अभी गम्भीर बताई जा रही है।