5/12/2016 / नोएडा। आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते में सोमवार को सलाम कवि कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस दौरान साहित्य प्रेमियों ने कविता के माध्यम से देशप्रेम और समाज में चल रही गतिविधियों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में महादेवी वर्मा स्मृति सम्मान-2014 से सम्मानित कवि मीना जैन ने कहा कि काव्य लेखन के लिए हिंदी और साहित्य से लगाव जरूरी है। शब्दकोश का ज्ञान भी आवश्यक है। साहित्य का सीधा प्रभाव संस्कृति पर पड़ता है। युवा पीढ़ी हिंदी साहित्य के प्रति उदासीन है। मीना जैन ने कहा कि अध्ययन में निरंतरता और साहित्य के प्रति रुझान से ही हम अच्छे कवि, अच्छे लेखक और लेखन की कल्पना कर सकते हैं। इस अवसर पर पूनम सिंह ने मां की भूमिका, रेणु बाला सिंह ने नोटबंदी के प्रभाव, सूर्यप्रताप सिंह ने भ्रष्टाचार और शिवागी ने समाज में शिक्षकों के योगदान पर अपने विचार रखे।
