17/03/018/गाजियाबाद /अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार को शहर में रैली निकाली। उसके बाद संयुक्त मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारी शहर के विभिन्न विभागों में पहुंचे और वहां जमकर नारेबाजी की। रैली नवयुग मार्केट के अंबेडकर पार्क से शुरू हुई। यहां बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्र हुए। सबसे पहले कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। यहां निगम के कर्मचारियों ने संयुक्त मोर्चों के पदाधिकारियों का स्वागत किया और उनके समर्थन में नारेबाजी की।उधर जीडीए के कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के सदस्यों के साथ जीडीए परिसर में जमीन पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। वहां से पुराना बस अड्डा होते हुए रैली जिला मुख्यालय पहुंची। कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर शिक्षक संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और सिटी मजिस्ट्रेट को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।मोर्चा की जनपद शाखा के अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारी काफी समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मोर्चा ने छठे वेतनमान, वेतन विसंगति, महंगाई भत्ता, संविदा कर्माचारियों को स्थाई करना, रिक्त पदों की भर्ती सहित बारह मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।क्षेत्रीय अध्यक्ष गुलजार अहमद ने कहा कि कर्मचारियों ने सरकार को 22 मार्च की चेतावनी दी है। यदि इस 22 मार्च तक कर्मचारियों की मांगों का कोई समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी 23 मार्च को लखनऊ के हजरतगंज मे प्रर्दशन करेंगे। उन्होंने बताया कि मोर्चा काफी समय से अपनी मांगों को लेकर प्रशासन और सरकार से वार्ता करना चाह रहा है लेकिन समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो रहा है। रैली में सभी विभाग के कर्मचारी संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें उत्तरप्रदेश सेतू निगम के अध्यक्ष महावीर त्यागी, गाजियाबाद विकास प्रधिकरण कर्मचारी संघ अध्यक्ष पुनीत दीक्षित, कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ से सेवाराम शर्मा, डीपीए के अध्यक्ष डॉ. एसपी वर्मा, लैब टेक्नीशियन संघ के अध्यक्ष डॉ.अरुण तोमर, नेत्र परीक्षण संघ के अध्यक्ष डॉ. केएम शर्मा, सांख्यकीय सेवा संघ के अध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रईस अहमद, एमएमएच महाविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बृजमोहन त्यागी, निगम कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नैन सिंह, नगर निगम वाहन चालक कर्मचारी संघ के सचिव सलेम अब्बासी मौजूद रहे रैली में सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे। रैली नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क से शुरू हुई। यहं से कर्मचारी पैदल ही पुराने बस अड्डे, हापुड़ रोड होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। रैली के पुराना बस अड्डे व हापुड़ रोड पर पहुंचने के बाद यहां जाम लग गया। जब तक कर्मचारी कलक्ट्रेट नहीं पहुंचे तब तक हापुड़ रोड पर जाम लगा रहा। दो घंटे तक पुराने बस अड्डे से हापुड़ चुंगी तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। कविनगर क्षेत्र की सड़कों पर भी जाम लग गया।
